फर्रुखाबाद। खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाया। पांच व्यापारियों को नोटिस देकर सुधार की चेतावनी दी गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने टीम के साथ बाजार में छापा मारा। शहर के मोहल्ला नितगंजा, घुमना बाजार में सुरेंद्र की दुकान पर सफाई संतोषजनक न मिलने पर उन्हें सुधार के लिए नोटिस दिया गया।
घुमना बाजार स्थित सौरभ अग्निहोत्री, पक्कापुल चैराहा के पास स्थित आशीष कुमार को दुकान पर सफाई ठीक न मिलने से नोटिस थमाया गया। इसके अलावा बस स्टैंड स्थित अनुज गुप्ता व दुर्गेश कुमार कश्यप को भी प्रतिष्ठान पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न होने से नोटिस दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ.शैलेंद्र रावत, अरुण कुमार मिश्र, विमल कुमार व आशीष कुमार वर्मा भी साथ रहे। सहायक आयुक्त खाद्य सय्यद शाहनवाज़ हैदर आबिदी ने बताया कि नोटिस का अनुपालन न करने पर लाइसेन्स/पंजीकरण निलंबित किया जाएगा। (संवाद)