फर्रुखाबाद। एनएचएम के तहत संविदा पर तैनात सीएचओ व एएनएम की हड़ताल के चलते 15 दिन से आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी ठप हैं। सीएमओ ने सीएचसी प्रभारियों को आदेश जारी कर स्थायी एएनएम से आरोग्य मंदिर खुलवाने और सीएचओ व एएनएम को नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने सिविल अस्पताल लिंजीगंज, सीएचसी कायमगंज, नवाबगंज, शमसाबाद, राजेपुर, मोहम्मदाबाद, कमालगंज व सीएचसी बरौन के प्रभारियों को आदेश भेजा है। कहा कि संविदा पर तैनात सीएचओ व एएनएम 15 दिन से आयुष्मान आरोग्य मंदिर नहीं खोल रहे हैं। सीएचओ व एएनएम को नोटिस जारी किया जाए। साथ ही नियमित एएनएम से आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलवाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सीएमओ ने आदेश का अनुपालन न करने पर सीएचसी प्रभारियों को कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
एनएचएम कर्मियों को उपस्थिति के आधार पर मिलेगा मानदेय
फर्रुखाबाद। एनएचएम के मिशन निदेशक पिंकी जोयल ने जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी को जारी पत्र में कहा कि एनएचएम के तहत संविदा व आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारियों की गत माह की 21 तारीख से इस माह की 20 तारीख तक की उपस्थिति 23 अक्तूबर तक स्पर्श पोर्टल पर अपलोड कराएं। उन्होंने संविदा व आउटसोर्स कर्मियों का मानदेय उपस्थिति के अनुसार ही देने का निर्देश दिया है। इस व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को भी कहा है।