फर्रुखाबाद। डीएम व एसपी की चेतावनी के बाद भी अवैध कब्जेदारों ने लोहिया अस्पताल के आवास खाली नहीं किए हैं। इसके चलते सोमवार दोपहर को लोहिया अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस के साथ पहुंचकर अवैध कब्जे वाले 31 आवासों पर नोटिस चस्पा किए हैं। इसमें तीन दिन में आवास खाली करने की चेतावनी दी गई है।
लोहिया अस्पताल के 154 आवासों में 31 पर अवैध कब्जा है। आवासों को खाली कराने के लिए कई बार नोटिस भी दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी आवास खाली नहीं हुए। सोमवार रात को डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, एडीएम सुभाष प्रजापति, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह आवासीय परिसर का निरीक्षण करने आए थे।
डीएम व एसपी ने अवैध कब्जेदारों को मंगलवार तक आवास खाली करने की चेतावनी दी थी, लेकिन अधिकारियों की चेतावनी के बाद भी मंगलवार को पूरे दिन किसी ने भी आवास खाली करना शुरू नहीं किया। इस बीच दोपहर को सीएमएस के आदेश पर कर्मचारियों ने पुलिस के साथ अवैध कब्जेदारों के आवास पर पहुंच कर नोटिस चस्पा कर दिए।