फर्रुखाबाद। शहर में अवैध प्लाटिंग करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने डॉक्टर सहित तीन प्रापर्टी डीलरों को नोटिस देकर प्लाटिंग करने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही उन्हें कार्यालय में तलब किया है।
विनियमित प्राधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने शहर की आवास विकास कालोनी निवासी डॉ.केएम द्विवेदी की पत्नी डॉ.नीरजा द्विवेदी आदि को नोटिस दिया है। इसमें कहा कि नेकपुर कलां में बिना लेआउट पास कराए प्लाटिंग के लिए अनाधिकृत रूप से भराव डलवाया गया है।
सड़क का निर्माण कराते हुए प्लाटिंग कर बिक्री की जा रही है। उन्होंने प्लाट बिक्री पर रोक लगाने के साथ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए पांच मार्च को कार्यालय में अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है।
इसके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट ने कनपटियापुर मौजा सातनपुर निवासी हरशिरण उर्फ रामपाल उनके भाई गोपाल शरण को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा कि नेकपुर चौरासी में स्थित भूखंड का बिना लेआउट पास कराए भूमि का समतलीकरण कर प्लाटिंग की जा रही है। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 8 मार्च को तलब किया है।