कायमगंज। पालिका चुनाव के मद्देनजर कोतवाली में अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशियों संग बैठक कर एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि कोई भी प्रत्याशी मतदाताओं को डराने धमकाने की कोशिश न करे। यदि कहीं किसी प्रत्याशी की डराने धमकाने की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से मर्यादित होकर प्रचार करें, भीड़ जुटाकर गड़बड़ी करने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी।
शनिवार को कोतवाली परिसर में डीएम व एसपी अध्यक्ष व सभासद प्रत्याशियों संग बैठक की। एसपी ने कहा सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की टीका टिप्पणी न की जाए। आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट डालने, शेयर करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रत्याशी मतदाताओं को भोजन, पैसे या शराब आदि प्रलोभन देकर वोट मांगता है तो उसकी 7839856785 पर सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। डीएम संजय कुमार सिंह ने कहा जिले में आचार संहिता के साथ धारा 144 लागू है। इसका उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बिना अनुमति के कोई जनसभा, रैली एवं जुलूस का आयोजन न किया जाए। मतदान वाले दिन किसी प्रकार की अराजकता स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने आचार संहिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सभी प्रत्याशियों से समस्याएं पूछीं। सभी ने आचार संहिता का पालन करने का भरोसा दिया। इसके अलावा थाना कंपिल व शमसाबाद में प्रत्याशियों को दिशा निर्देश दिए। कंपिल में रूट मार्च कर आम लोगों से शांति से मतदान करने की अपील की। सीओ सोहराब आलम, प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल, इंस्पेक्टर संतोष अवस्थी आदि मौजूद रहे।