लोहिया अस्पताल की ओपीडी में लगी भीड़।
- फोटो : FARRUKHABAD
बंद रही सामान्य ओपीडी, फ्लू के मरीजों में धक्कामुक्की
फर्रुखाबाद। ट्रूनेट मशीन से एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डा. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल की सामान्य ओपीडी सोमवार को भी बंद रखी। सामान्य ओपीडी मंगलवार को खुलेगी। सिर्फ फ्लू कॉर्नर और एंटी रैबीज इंजेक्शन ही लगाए गए। एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।
फ्लू कार्नर पर मरीजों की इस कदर भीड़ उमड़ी कि कई बार धक्कामुक्की हुई। इस कदर भीड़ बढ़ी कि लोग जबरन गेट के अंदर घुस गए। वहां पहले दिखाने के लिए धक्कामुक्की होती रही। सुरक्षाकर्मियों ने खासी मशक्कत के बाद मरीजों की लाइन लगवाई। फ्लू के 419 मरीज पहुंचे, जबकि एंटी रैबीज के लिए 80 लोग कतार में लगे। मंगलवार को सामान्य ओपीडी खुलने पर सामान्य मरीजों में अति गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को देखा जाएगा।