फर्रुखाबाद। लोकसभा चुनाव की वैधता चुनौती में दाखिल चुनाव याचिका पर भाजपा सांसद से जवाब मांगे जाने के मामले में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अभी उन्हें इस संबंध में कोई नोटिस नहीं मिला है। समाचार पत्रों के माध्यम से ही जानकारी मिली है। नोटिस मिलता है तो उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने सपा प्रत्याशी के साथ ही सपा-कांग्रेस (इंडी गठबंधन) पर भी भड़ास निकाली।
आवास-विकास स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अभी उन्हें न्यायालय से कोई नोटिस नहीं मिला है। सपा प्रत्याशी बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। सपा-कांग्रेस (इंडी गठबंधन) अपने को बचाने के लिए इस तरह का कुचक्र रच रही है, लेकिन इससे होने वाला कुछ नहीं है। पीडीए के वोटर सपा के साथ ही नहीं, बल्कि उनके साथ भी हैं। इस लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस ने झूठ बोलकर वोट हथियाए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
सपा के लोग अराजकता फैलाने में हमेशा आगे रहते हैं और योगी सरकार ऐसे लोगों को जेल भेज रही है। कायमगंज में सहेलियों के फांसी पर लटकने की जांच पर सांसद बोले कि उनकी उच्चाधिकारियों से बात हो रही है। उन्होंने एक सप्ताह में घटना का खुलासा करने की बात कही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा का प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवारों से मिलेगा। राहुल गांधी और अखिलेश यादव के इस मामले में लगातार पोस्ट करने पर सांसद बोले कि सपा-कांग्रेस सस्ती राजनीति के लिए ट्वीट कर रही है। उन्हें पीड़ितों से हमदर्दी नहीं है। इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता और शिवांग रस्तोगी आदि रहे।