संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतपुर। खंडौली गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम के सामने व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। गोशाला में गोवंशों के लिए न तो चारा मिला और न ही दाना। गोपलक भी गायब थे। गंदगी का अंबार लगा था। गोशाला में दो गोवंश बीमार पड़े थे।
शनिवार को एसडीएम रवींद्र सिंह ने राजेपुर ब्लाॅक की ग्राम पंचायत खंडौली थित गोशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में एक भी गोपालक नहीं मिला, जबकि ग्राम प्रधान गोवंशों की देखभाल के लिए सात गोपालक रखने का दावा कर रहे हैं। गौशाला में करीब 250 गोवंश हैं, जिसमें दो बीमार पाए गए। कई दिनों से सफाई न होने से गोवंश गोबर में खड़े थे। गंदगी के चारों ओर अंबार लगे मिले।
गोवंशों की नाद में चारा तक नहीं डाला गया था। सभी नादें सूखी पड़ी थीं। गोशाला में छह बोरी नमक, पांच बोरी चूना मिला। करीब 60 क्विंटल भूसा भरा है। गौवंशों के लिए दाना नहीं मिला। गोवंश के लिए पीने के पानी का हौज में गंदगी मिली। हरे चारे की कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि 16 बीघा सरकारी भूमि पड़ी हुई है। एसडीएम ने बताया कि गोशाला में अव्यवस्था मिली है। ग्राम प्रधान को शीघ्र सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीएम को निरीक्षण आख्या भेजी है।