संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सोमवार मिशन इंद्रधनुष अभियान का आरंभ हो गया है। वहीं जिले के 19 उपकेंद्रों में नवजातों व गर्भवतियों के टीकाकरण के लिए एक भी एएनएम नहीं है। ऐसे में यहां टीकाकरण कैसे किया जाएगा यह एक बड़ा सवाल है। उद्घाट समारोह में सीएमओ ने बीमारी से बचाव के लिए बच्चों का टीकाकरण कराने की अपील की।
शासन से जिले में खसरा व रुबेला उन्मूलन के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण सोमवार से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने सीएचसी बरौन के अंतर्गत शहर से सटे गांव सोताबहादुरपुर में टीकाकरण बूथ पर फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बच्चों व गर्भवती को समय से टीका लगवाना आवश्यक है।
सीएमओ ने टीकाकरण में प्रधान, सभासद, धर्मगुरुओं से टीकाकरण में सहयोग की अपील की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.सर्वेश यादव ने बताया कि जिले में 1,066 सत्र लगाकर 11,760 बच्चे व 2,724 गर्भवती को टीका लगाया जाएगा। अभियान का दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर तक व तीसरा चरण 9 से 14 अक्तूबर तक चलेगा। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करना अभियान का उद्देश्य है। टीकाकरण से 12 प्रकार की बीमारियों से बच्चों का बचाव होता है।
टीका न लगवाने पर मनाया
यूनिसेफ से डीएमसी अनुराग दीक्षित ने बताया कि सोता बहादुरपुर में 15 परिवारों ने टीका लगवाने से मना कर दिया था। इसमें 11 परिवारों को समझाकर बच्चों के टीके लगवाए गए। सीएचसी बरौन के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.शोभित शाक्य, मानव शर्मा, पूर्व प्रधान जमील , एएनएम प्रीति, रेनू, रमन चौहान आदि मौजूद रहे।
ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल में यह उपकेंद्र हैं खाली
जनपद में कुल 234 स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं। जबकि 233 एएनएम की तैनाती है। इनमें 137 एएनएम स्थाई हैं, जबकि 96 एएनएम एनएचएम के तहत संविदा पर तैनात हैं। मनमानी तैनाती के खेल में जिले के 19 उपकेंद्र खाली हैं। खास बात तो यह है कि शासन की प्राथमिकता वाले आकांक्षात्मक ब्लाक राजेपुर में नगला दुर्गू, परमनगर व लीलापुर, नवाबगंज में पिलखना उपकेंद्र पर एएनएम की तैनाती नहीं की गई।
इसके अलावा ब्लाक शमसाबाद में बसोला, शरीफपुर छिछनी, खुड़नाखार, कासिमपुर तराई, कमालगंज में कंधरापुर, कायमगंज में गौरखेड़ा, सिकंदरपुर अगू व तिहैया, अताईपुर जदीद, सवितापुर, नरैनामऊ, मोहम्मदाबाद में रूपनगर, नवादा दोयम, कान्हेपुर, सनौड़ा पृथ्वी उपकेंद्र में एएनएम की तैनाती नहीं है।