फर्रुखाबाद। गोलगप्पा दुकानदार की फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में परिजनों ने कुछ लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं की, तो उसकी बहन ने सोमवार को थाने में हंगामा किया। समझौते का दबाव बनाने से दुखी होकर उसने जमीन पर अपना सिर पटक दिया। इससे लहूलुहान हो गई। हालांकि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
मऊदरवाजा थाने के गांव गढ़िया ढिलावल निवासी राजीव कुमार (30) ने 14 अप्रैल की रात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने कुछ लोगों पर गोलगप्पा खाने के बाद पैसे न देने पर विवाद के बाद मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस घटना की तहरीर के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान उसकी बहन राजकुमारी ने शनिवार को थाने पहुंचकर जमकर हंगामा काटा था। पुलिस ने इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया। सोमवार दोपहर फिर से राजकुमारी थाने पहुंच गई। उसने कार्रवाई न करने पर थाने से न जाने की जिद कर ली। इस पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। कुछ ही देर बाद कई लोग सिफारिश करने थाने पहुंच गए। उन्होंने राजकुमारी से समझौता करने की बात कही। इससे गुस्साई राजकुमारी ने देर शाम थाने में खड़े पेड़ के आसपास बने चबूतरे पर सिर मारकर फोड़ लिया। कुछ लोगों ने बमुश्किल उसे समझाकर शांत किया। राजकुमारी ने कहा कि भाई को मरने के लिए मजबूर किया गया है। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। वह यहां से नहीं जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच कर हर हाल में कार्रवाई की जाएगी।