कायमगंज। थानांतर्गत पांच साल की बालिका से दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुंह बोला चाचा आरोपी निकला। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। पकड़े गए दूसरे युवक पर भी ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है।
रविवार की शाम क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई पांच साल की बालिका का शव सोमवार सुबह गांव के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर कोतवाल ने मोहित को सोतेपुर नहर पुल के पास दबोच लिया। मोहित ने पहले अपने को निर्दोष बताया लेकिन बाद में उसने असलियत कबूल कर ली। मोहित मुंह बोला चाचा लगता है। उसने बताया कि बालिका उसके पीछे खेत तक आई थी।
उसके मना करने पर वह साथ चलने की जिद करने लगी तो उसने उसके थप्पड़ मार दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। भय के कारण उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी, जबकि कोतवाल रूम सिंह यादव ने बताया कि आरोपी द्वारा बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर उसकी हत्या की गई है। उसके खिलाफ धारा 364, 201, 376 और पाक्सो के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं ग्रामीणों ने पकड़े गए एक अन्य युवक पर भी कार्रवाई का दबाव बनाया। कोतवाल ने कहा कि यदि इस घटना से उसका कोई संबंध है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए युवक का सीएचसी में दो डाक्टरों के पैनल से डाक्टरी परीक्षण कराया गया।