लाल गेट चौराहा पर पाइप लाइन ठीक करने को खोदा जा रहा गड्ढा।
- फोटो : FARRUKHABAD
पाइपलाइन फटने से पांच मोहल्लों में जलापूर्ति ठप
फर्रुखाबाद। लालगेट पर पाइप लाइन फटने से पांच मोहल्लों की जलापूर्ति ठप हो गई है। नगर पालिका ने जेसीबी से गड्ढा खुदवा दिया। मरम्मत में दो दिन लगने का अनुमान है। अंडरग्राउंड केबल डालते वक्त लोहे और सीमेंट की लाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
बुुधवार को लालगेट चौराहे पर पाइप लाइन फटने से सड़क पर जलभराव हो गया था। इससे मोहल्ला खटकपुरा, तलैया फजल इमाम, बूरा वाली गली, मदारबाड़ी और गंगानगर आंशिक की जलापूर्ति ठप हो गई थी। इससे 10 हजार से अधिक घरों में पानी नहीं पहुंच सका।
नगर पालिका के जलकल विभाग ने दोपहर में जेसीबी से लीकेज की मरम्मत करवाने को गड्ढा खुदवा दिया। खुदाई के बाद पता चला कि यहां दो पाइप लाइनें फटी हैं। इनमें एक सीमेंट और दूसरी लोहे की है। दो-दो पाइपलाइनें एक साथ फट जाने से जलकल विभाग के कर्मियों के हाथपांव फूल गए। उधर, पानी बंद होने से जनता परेशान है।
लाल सराय जोन प्रभारी ब्रजभूषण सिंह ने बताया, लालगेट पर अंडरग्राउंड पाइप लाइन डाली जा रही है। उसी के चलते दोनों पाइपलाइनें फटी हैं। मरम्मत में कम से कम दो दिन लगेंगे। कोशिश रहेगी कि शुक्रवार शाम तक काम पूरा कर लिया जाए।