नेकपुर कलां : घरों में घुस रहा नाले का पानी
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला नेकपुर कलां में नाला निर्माण अधूरा होने से सड़क पर जलभराव है। हालात ये हैं कि कुछ घरों में यह गंदा पानी घुस रहा है। इससे परेशान लोग गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायतीपत्र देकर नाला निर्माण पूरा कराने की मांग की।
मोहल्ला नेकपुर कलां कोल्ड स्टोरेज के निकट निवासी भीकम सिंह, मुन्ना लाल, दिवारी लाल, संजीव आदि महिलाओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत की कि दो वर्ष पूर्व पानी निकासी के लिए नाला निर्माण शुरू कराया गया था। जो अभी तक अधूरा है। सरकारी नलकूप के उत्तर की ओर तालाब नुमा भूमि की खरीद फरोख्त के बाद उसमें सड़क की ऊंचाई के बराबर मिट्टी का भराव डाल दिया गया।
इससे नाले का पानी सड़क से होकर घरों में घुस रहा है। वह लोग अनुसूचित जाति के हैं। इस संबंध में वह नगरपालिका में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने नाला निर्माण शीघ्र पूरा न होने पर धरना प्रदर्शन करने के साथ सड़क जाम करने की धमकी दी है। इस दौरान बिजेंद्र, रमेश, प्रमोद, भूरेलाल, रामू शंखवार, ऊषा शंखवार आदि मौजूद रहे।