फर्रुखाबाद। लाइनमैनों की लापरवाही के चलते अंगूरीबाग फीडर से जुड़े चार मोहल्लों में करीब एक सप्ताह से बिजली काटी जा रही है। दो दिन से तो रात में आपूर्ति काट दी गई। इससे पेयजल का संकट हो गया। मोहल्लेवासियों ने लाइनमैनों पर लापरवाही का आरोप लगाया। अधिकारियों ने मामले को दिखवाए जाने की बात कही।
अंगूरीबाग फीडर से मोहल्ला छावनी, जटवारा जदीद, गंगा दरवाजा आदि मोहल्लों को बिजली आपूर्ति होती है। मगर करीब एक सप्ताह से इन मोहल्लों में बिजली की कटौती हो रही है। इसके चलते पेयजल की समस्या से मोहल्लेवासियों को जूझना पड़ रहा है। जटवारा जदीद निवासी चंद्रपाल वर्मा, वेदराम पाल, शिवनरायन, सर्वेश कुमार, पंकज कुमार व मोहल्ला अंगूरीबाग के रहने वाले माधव सिंह और डीएन पांडेय का कहना है कि मंगलवार और बुधवार को रात 10 से सुबह छह बजे तक बिजली कटौती रही।
एक सप्ताह से पांच से छह घंटे आपूर्ति बाधित की जा रही है। जेई से बात करो तो वह कहते हैं कि आपूर्ति चालू है। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन आपूर्ति चालू रहने के नाम पर धन उगाही करते हैं। अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने बताया कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। जेई से जानकारी करेंगे। लाइनमैन अगर गड़बड़ी कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।