फर्रुखाबाद। जहानगंज क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा में नौ माह पूर्व हुए बालक हत्याकांड का खुलासा करने के लिए नामजद तीन आरोपियों का मंगलवार को पुलिस ने नारको टेस्ट कराया है। एक सप्ताह बाद टेस्ट रिपोर्ट मिलने पर घटना का खुलासा होने की संभावना है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष गुप्ता का 10 दिसंबर 2025 को अपहरण कर 14 दिसंबर को हत्या कर शव आलू के खेत में फेंक दिया था। मां पूनम गुप्ता ने 11 लोगों के खिलाफ जहानगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के नौ माह बीतने के बावजूद पुलिस अभी खुलासा नहीं कर सकी। किसी आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं की गई। हालांकि पुलिस जांच अभी कई बिंदुओं पर चल रही है। हत्या का कारण स्पष्ट न होने से आरोपियों पर पुलिस हाथ नहीं डाल रही है। 11 नामजद आरोपियों में गांव के ही तीन आरोपी अंशू जाटव, आदित्य राजपूत व सनी को जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला गाजियाबाद ले जाकर उनका नारकोटेस्ट कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नारकोटेस्ट के लिए पहले आरोपियों से सहमति ली गई। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद से नारको टेस्ट कराकर वापस आ रही हैं। अभी रास्ते में हैं। एक सप्ताह बाद प्रयोगशाला से नारको टेस्ट रिपोर्ट आएगी। रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही कुछ स्थिति साफ हो सकेगी।