फर्रुखाबाद। महाराष्ट्र के नागपुर से परिवार के साथ तीर्थ स्थानों की यात्रा पर निकले सिविल इंजीनियर की मंगलवार को फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया के पास ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। ट्रेन में सो रही पत्नी को कानपुर पहुंचने पर घटना की जानकारी हो सकी। इससे वह वापस आईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव एंबुलेंस से नागपुर के लिए भेजा दिया।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया के पास सुबह छपरा-मथुरा एक्सप्रेस से गिरकर यात्री की मौत हो गई। इससे घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले शव उठाने में आनाकानी की। स्थानीय लोगों के नाराजगी जताने पर पुलिस ने शव उठवाकर मोर्चरी पहुंचाया। जेब से रेलवे टिकट, मोबाइल व अन्य कागज मिलने पर पता चला कि रेल यात्री महाराष्ट्र के नागपुर निवासी सिविल इंजीनियर सुनील यादव (50) है।
उसका एसी-फर्स्ट कोच में रिजर्वेशन था। पुलिस ने फोन कर पत्नी को सूचना दी। तब तक ट्रेन कानपुर पहुंच चुकी थी। इससे सिविल इंजीनियर की पत्नी रीना यादव अपनी आठ वर्षीय बेटी आन्या के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। पुलिस पूछताछ में रीना यादव ने बताया कि वह पति के साथ मथुरा, गोरखपुर व नेपाल घूमने निकली थीं। बेटा वेदांत घर पर है। पति सुनील यादव पैरालिसिस से पीड़ित थे। इससे उनका पैर झटका लगने पर लड़खड़ा जाता था। वह तीनों लोग ट्रेन में सो रहे थे। मथुरा से दर्शन करने के बाद गोरखपुर जा रहे थे। इसके बाद नेपाल जाने का कार्यक्रम था। पुलिस का अनुमान है कि सिविल इंजीनियर सुबह सोकर उठने के बाद ट्रेन की खिड़की पर खड़े होने के दौरान पैर लड़खड़ाने से गिर गए होंगे। फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह ने बताया कि परिजन को फोन से घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव एसी एंबुलेंस से नागपुर के लिए भेज दिया गया है।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ की याकूतगंज चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। गेटमैन की सूचना पर पुलिस पहुंची। फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह ने बताया कि युवक के चेहरे पर चोट है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इससे यह भी अनुमान लगाना मुश्किल है कि युवक ट्रेन से गिरा है या फिर रेलवे लाइन क्रास करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया है। (संवाद)