संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। शहर में निकली श्रीराम पग यात्रा में एक मुस्लिम परिवार अपनी बेटी को राम के स्वरूप में सजाकर पहुंचा। घर से निकलने के बाद पूरी यात्रा में शानदार स्वागत, पुष्पवर्षा, आरती देख माता-पिता गदगद दिखे।
फतेहगढ़ के मोहल्ला बजाजा निवासी इमरान हुसैन और उनकी पत्नी शबनम बानो अपनी बेटी आफजा इदरीस को श्रीराम के स्वरूप में लेकर स्वराज कुटीर पहुंचीं। यूं तो यात्रा के लिए 501 स्वरूप सजे थे, मगर आफजा आकर्षण का केंद्र रही।
स्वराज कुटीर में आफजा की मां शबनम ने बताया कि उनके दिल में हर धर्म का सम्मान है। श्रीराम हर किसी के हैं। उन्हें किसी एक धर्म से बांधने की जरूरत नहीं है। हर कोई जानता है कि श्रीराम हम सबके पूर्वज रहे हैं। यात्रा के दौरान ऐसा सम्मान मिला, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कदम-कदम पर फूलों की वर्षा, आरती उतारी गई। वह बेटी को राम के स्वरूप में सजाकर अपने को धन्य मान रही हैं। माता-पिता ने जन्म से ही जो सिखाया, उसी रास्ते पर जीवन भर चलती रहूंगी।
-
सपा नेता ने श्रीराम के स्वरुपों पर बरसाए पुष्प
फर्रुखाबाद। सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरदार तोषित प्रीत सिंह ने लालसराय स्थित आवास पर राम पग यात्रा का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने पूरे परिवार के साथ फूलों की वर्षा कर आरती भी उतारी। कहा कि श्रीराम आराध्य हैं। उनका अयोध्या में विराजना हर किसी का सौभाग्य है। (संवाद)