कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतपुर में चार माह पूर्व युवक को घर से बुलाकर उसकी हत्या करने के मामले में भाई ने कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव हजरतपुर निवासी सुरेंद्र सिंह की जोगिंदर सिंह के पुत्र अमन से कुछ कहासुनी हो गई थी। 8 दिसंबर 2020 को सुरेंद्र सिंह बाजार में धान बेचकर घर आया था। उसके बाद धान बिक्री के 30 हजार रुपये भी थे। तभी गांव के जोगिंदर आदि उनके घर आए और समझौता करने के बहाने सुरेंद्र को घर से बुला ले गए। आरोपियों ने सुरेंद्र से मारपीट की और अधमरा कर दिया। जब देर शाम तक सुरेंद्र घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन की। खोजबीन करते हुए जोगिंदर के घर की ओर पहुंचे।
वहां देखा कि आरोपी सुरेंद्र को बेहोशी हालत में लादकर कहीं ले जा रहे थे। उन्होंने जब सुरेंद्र के परिजनों को देखा तो वे उसे गांव के रामकिशन के घर के सामने छोड़कर भाग गए। बदहवासी हालत में सुरेंद्र से पूछा तो उसने बताया कि जोगिंदर आदि ने उसकी पिटाई कर गला दबाया है। इसके बाद वह बेहोश हो गया। उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम तो कराया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सुरेंद्र के पास धान बिक्री के 30 हजार रुपये, पर्स, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन भी नहीं मिला है। भाई अनिल ने कोर्ट के आदेश पर गांव के जोगिंदर सिंह, कुलप सिंह, विकास, प्रेमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।