फर्रुखाबाद। नगर पालिका का एक चालक कूड़ा भरा हूपर वाहन नेहरू रोड पर बीच सड़क में खड़ा करके सो गया। इससे जाम लगा गया। कोतवाली पुलिस ने उसे उतारकर किनारे बैठा दिया और वाहन कोतवाली ले गई। इसके चलते करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने मामले की सूचना नगर पालिका के अधिकारियों को दी। लोगों का कहना था कि चालक नशे में था।
रविवार शाम करीब पांच बजे नगर पालिका का एक चालक कूड़ा भरा हूपर वाहन तहसील की ओर ले जा रहा था। नेहरू रोड पर मित्तूकूंचा-चौक के बीच चालक ने बीच में वाहन खड़ा कर दिया और स्टीयरिंग पर सिर रखकर सो गया। कुछ लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, मगर वह नशे में धुत था। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सिपाहियों ने उसे काफी प्रयास के बाद वाहन से नीचे उताराकर सड़क किनारे जमीन पर बैठा दिया। इसके बाद एक सिपाही से वाहन को कोतवाली में खड़ा कराया गया। बीच सड़क पर वाहन खड़ा होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने नगर पालिका को इसकी जानकारी दी। आसपास के लोगों का कहना है कि चालक नशे में था, जिससे वह वाहन चलाने की स्थिति में नहीं था। गनीमत रही कि वाहन खड़ा कर दिया, अन्यथा दुर्घटना भी हो सकती थी। कोतवाल भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि नगर पालिका को सूचना दे दी है। नशे की हालत में मिले चालक को किनारे बैठा दिया था।