फर्रुखाबाद। आवास विकास में अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर करीब दो घंटे खड़े रहने के बाद बैरंग लौट गया। इस दौरान पालिका के अधिकारी नायब तहसीलदार के आने का इंतजार करते रहे। उनके न आने पर अफसर केवल ठेली वालों को हड़काते रहे। काफी लोगों ने सामान भी समेट लिया।अफसरो के जाते ही अतिक्रमण फिर से उसी रूप में आ गया।
नगर पालिका की ओर से सोमवार को आवास विकास के फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया जाना था। शाम करीब तीन बजे पालिका के ईओ विनोद कुमार, कर निर्धारण अधिकारी जगजीवन राम आदि भारी भरकम टीम और बुलडोजर, ट्रैक्टर-ट्राॅलियों के साथ लोहिया मूर्ति के पास पहुंचे। करीब एक घंटे तक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किए गए नायब तहसीलदार हर्षित कुमार नहीं पहुंचे। लेटलतीफी होने की वजह से अधिकारियों ने ठेली खोमचे, सब्जी, फल आदि विक्रेताओं को हड़़काकर सामान हटाने को कहा। लोगों ने अपना सामान हटा भी लिया।
कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि नायब तहसीलदार के न पहुंचने पर अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका। अब मंगलवार को हर हाल में फुटपाथ खाली कराने के लिए कार्यक्रम तय किया जाएगा। सभी दुकानदार अपना सामान समेट लें। किसी कीमत पर दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी।
नायब तहसीलदार हर्षित कुमार ने बताया कि एसडीएम ने एक गांव में मामला निपटाने के लिए भेजा था। वहां समय काफी अधिक लग गया। लिहाजा वह अतिक्रमण हटवाने नहीं पहुंच सके। शीघ्र ही दूसरी तिथि लगवाकर वह आवास विकास का सभी अतिक्रमण हटवाएंगे।