फर्रुखाबाद। घर में घुसकर मारपीट व लूट के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पांच माह पहले हुई घटना में मेडिकल कराने के बाद भी उस दौरान रिपोर्ट नहीं लिखी थी।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुलमंडी की रहने वाली फरियादी सुनीता के मामले में कोर्ट के आदेश पर मोहल्ले के कोहिनूर, शैलेंद्र, वासू, मोहल्ला नवदिया निवासी नीरज, अंकित व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें आरोप लगाया कि पुत्र अर्जुन नवदिया निवासी नीरज के टेंट हाउस पर मजदूरी करता था। मजदूरी के दस हजार रुपये नीरज पर हो गए थे। पुत्र कई दिनों से रुपये की मांग कर रहा था।
एक मई को नीरज ने पुत्र अर्जुन को बुलाया और रुपये को लेकर इधर उधर बुराई करने का आरोप लगाकर गाली-गलौज कर धमकी दी। शाम को नीरज सहित 17 लोग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और पुत्र अर्जुन को बुरी तरह से मारने पीटने लगे। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगोंं ने बचाने का प्रयास किया तो यह लोग उनसे भी मारपीट करने पर अमादा हो गए। पुत्र का मोबाइल लूटकर ले गए। उसके कवर में एक हजार रुपये भी रखे थे। इंस्पेक्टर हरिगोविंदने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।