कोतवाली में रखीं मोदी व अखिलेश की फोटोयुक्त पतंगें।
- फोटो : Amar ujala
चुनाव आचार संहिता का डंडा पतंग दुकानदारों के ऊपर भी पड़ा है। शुक्रवार को उड़नदस्ता प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ शहर की एक दर्जन से अधिक दुकानों पर छापा मारा। टीम ने कई दुकानों से अखिलेश व मोदी की फोटोयुक्त पतंगों को कब्जे में लिया है। एसएसआई ने बताया कि दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर क्षेत्र में पतंग की दुकानों पर पार्टी की पतंगों की बिक्री होने की जानकारी आलाधिकारियों को दी गई थी। इस सूचना पर शुक्रवार को उड़नदस्ता प्रभारी मुकेश जायसवाल, सीओ सिटी आलोक सिंह और कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला सुतहट्टी में स्थित पतंगों की दुकानों पर छापेमारी की। इसके बाद टीम ने चौक बाजार, मोहल्ला नवाब दिलावरजंग, मोहल्ला पक्कापुल, मोहल्ला रकाबगंज, मोहल्ला बजरिया स्थित पतंगों की दुकानों पर छापेमारी की। टीम को भारी मात्रा मेें दुकानों में पतंगों पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा मुखिया मुलायम सिंह की फोटो लगी थी।
इसके अलावा कुछ पतंगों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो छपी थी। पुलिस ने सभी पतंगों को जब्त कर कोतवाली में जमा कर दिया। पतंगों की दुकानों पर अचानक हुई छापेमारी से हड़कंप है। कई दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर चले गए। एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चौक बाजार में स्थित मनीश सक्सेना, मोहल्ला नवाब दिलावरजंग में शकील, सतीश, मोहल्ला सुतहट्टी में रंजीत, गुड्डू, मोहल्ला पक्कापुल में प्रवीनकुमार, मोहल्ला बजरिया में विवेक सक्सेना, मोहल्ला पक्कापुल में प्रेमसिंह, मोहल्ला रकाबगंज निवासी नसीम की दुकानों पर यह पतंगें मिली हैं। इन लोगों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।