शमसाबाद। सरिया मारकर गुरुवार देर शाम भतीजे ने चाचा की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मां की तहरीर पर उसके बेटे के खिलाफ गैरइरादतन हत्या मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
थाना क्षेत्र के गांव कुइया खेड़ा निवासी सुशीला देवी पत्नी रामकिशन ने अपने मानसिक बीमार पुत्र अजय उर्फ छंगा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि पुत्र अजय उर्फ छंगा गुरुवार को उसके साथ झगड़ा कर रहा था। इस पर देवर ओमप्रकाश उर्फ हपड़ू ने उसे समझाने का प्रयास कर डांट दिया। नाराज अजय उर्फ छंगा ने देवर के सिर पर सरिया से कई प्रहार कर घायल कर दिया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें मौत की वजह सिर पर आई गंभीर चोट से हुए रक्तस्राव से बताई गई। पुलिस ने गुरुवार को ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।