फर्रुखाबाद। बेवर रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय भवन के निर्माण में काम से अधिक भुगतान कर दिया गया। निर्माण के नाम पर अभी तक नींव भी नहीं भरी गई है। एक माह बीतने के बावजूद पुराने भवन का मलबा भी नहीं हटाया गया।
शासन से सिंचाई विभाग के कार्यालय भवन का नव निर्माण चार करोड़ 37 लाख से स्वीकृत है। 11 मार्च को पुराने कार्यालय भवन को नीलाम किया गया। एक सप्ताह में भवन ध्वस्तीकरण के साथ मलबा हटाने के आदेश दिए। इसी बीच 16 मार्च को लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले नींव में कुछ ईंटें रखकर निर्माण का शुभारंभ कर दिया गया।
एक माह बीत चुका है अभी तक भवन निर्माण के नाम पर नींव भी नहीं भरी जा सकी है। 31 मार्च को वित्तीय वर्ष समाप्त होने के चलते अधिक से अधिक बजट खर्च करने के लिए फर्म को 30 लाख रुपये भुगतान कर दिया गया। निर्माण कार्य के नाम पर अधिशासी अभियंता के आवास के साथ बमुश्किल 10 मीटर सीसी रोड का निर्माण किया गया है।
नींव अभी खोदी गई है, लेकिन भरी नहीं गई। अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार ने बताया कि मलबा हटाने के लिए चेतावनी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि निर्माण ठेकेदार को 30 लाख रुपये सिक्योर्ड भुगतान किया गया है। इसमें 40 टन सरिया के अलावा गिट्टी, मौरंग, ईंट आदि मैटीरियल मंगवा लिया गया है। कुछ सीसी रोड भी बनी है। वह भी उसी भुगतान में शामिल है। निर्माण कार्य चल रहा है।