जांच न होने पर एमओआईसी का आवास घेरा
अमृतपुर। कोरोना की जांच न हो पाने से प्रत्याशी व एजेंटों ने चिकित्साधिकारी के आवास का घेराव किया। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची। प्रत्याशी व एजेंटों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों पर रुपये लेकर जांच करने का आरोप लगाया है।
शनिवार को ब्लॉक में कोरोना की जांच के लिए सुबह से सैकड़ों लोग लाइन में लग गए। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी 350 किट लेकर जांच करने ब्लॉक पहुंचे। करीब एक बजे ही किटें खत्म हो गईं। स्वास्थ्य टीम खाना खाने के बहाने चली गई। काफी देर तक टीम नही आई तो लोगों का धैर्य टूट गया। खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में लोग घुस गए, लेकिन बीडीओ नहीं मिले।
इस पर करीब 50 लोग सीएचसी पर पंहुचे। यहां हंगामा करने लगे। चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमित राजपूत के आवास को घेर लिया। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों ने रुपये लेकर जांच करने का आरोप लगा कर हंगामा करने लगे। चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि 350 ही जांच किट मिली थीं।
अब किट नहीं हैं। इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। एक कर्मचारी के रुपये लेकर जांच करने की जानकारी मिली थी। उसे पकड़वा लिया गया है। वह कर्मचारी मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मतगणना के लिए पास बनवाने के लिए लोगों ने सुबह से डेरा डाल दिया था। कई टेबलों पर कोई एआरओ के न होने से लोग भटकते रहे। कई लोगों ने जिलाधिकारी व एडीएम को फोन से अव्यवस्था के बारे सूचना देनी चाही लेकिन फोन नही लग सका है। भीड़ अधिक होने से पुलिस ने कई बार लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा।