सेवा सप्ताह के रूप में मनेगा मोदी का जन्मदिन
फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित कार्यालय में रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 70वां जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मनाने की रूपरेखा तय की गई। क्षेत्रीय संगठन ने कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा शीर्ष नेतृत्व अनुसार क्षेत्रीय संगठन ने मंडल व जिला स्तर पर कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित की हैं। कोरोना काल के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ई-बुक का विमोचन प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा सात सितंबर को शाम चार बजे करेंगे। 10 सितंबर को कायमगंज विधानसभा क्षेत्र सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक, 11 को अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र सम्मेलन में प्रदेश मंत्री अशोक जाटव, भोजपुर व सदर के सम्मेलन में 12 सितंबर को राज्यमंत्री बाबूराम निषाद व प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह मुख्य रूप से रहेंगे।
मंडल प्रवास के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल मौजूद रहेंगे। 14 सितंबर को प्लाज्मा दान, 15 को चश्मा वितरण, 16 को स्वच्छता अभियान, 17 को दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपकरण वितरण, 18 को जिला इकाई का स्वच्छता अभियान, 19 को पौधरोपण होगा। 18 से 20 सितंबर के बीच प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व पर वेबिनार किया जाएगा।
20 सितंबर को प्रधानमंत्री द्वारा किए कार्यों की प्रदर्शनी, 25 को जनसंघ के संस्थापक पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम, 26 से 28 सितंबर के बीच वेबिनार, 29 सितंबर से 2 अक्तूबर के बीच गांधी जयंती व प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यक्रम होंगे। इस दौरान विधायक अमर सिंह खटीक, शैलेंद्र सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष संदीप शाक्य आदि मौजूद रहे।