जिला जेल अधीक्षक सहित 1152 का टीकाकरण
फर्रुखाबाद। जनपद में शुक्रवार को 15 बूथों पर फ्रंट लाइन वर्कर व जिला जेल के कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें जिला जेल अधीक्षक ने भी टीका लगवाया।
कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में शुक्रवार को 1654 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इसके लिए लोहिया अस्पताल में दो, पुलिस लाइन में 6 बूथों सहित कुल 15 बूथों पर टीकाकरण किया गया। जिला जेल फतेहगढ़ में प्रभारी जेल अधीक्षक गिरजाशंकर व डॉ. नीरज कुमार, डिप्टी जेलर जितेंद्र यादव ने टीका लगवाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
जेल में कुल 57 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं पुलिस लाइन में सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम ने पहला टीका लगवाया। लोहिया अस्पताल के दो बूथों पर 87, सिविल अस्पताल लिंजीगंज में 66, पुलिस लाइन में 580, सेंट्रल जेल में 90, कायमगंज सीएचसी के दो बूथों पर 129, कमालगंज सीएचसी पर 54 व मोहम्मदाबाद सीएचसी पर 89 फ्रंट लाइन वर्कर के टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि 1654 लक्ष्य के सापेक्ष 1152 लोगों को टीका लगाया गया।
टीकाकरण में जिला मंडल में दूसरे स्थान पर
सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि 11 फ़रवरी के टीकाकरण की राज्य स्तर पर की गई समीक्षा में जनपद 12वें स्थान पर रहा जबकि मंडल कानपुर में दूसरा स्थान हासिल किया हे। फ्रंट लाइन वर्कर्स के टीकाकरण में 17 सत्र लगाकर 1732 के लक्ष्य के सापेक्ष 1201 लोगों को टीका लगाया गया।
54 लोगों ने करवाया टीकाकरण
कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को नगर पंचायत में तैनात कर्मचारी व सफाई कर्मचारियों के कोरोना का टीका लगाए जाने का कार्य शुरू किया गया। एएनएम नीलम गौतम व स्वेता पांडेय ने टीकाकरण किया। सबसे पहले रामकुमार के टीका लगाया गया। 73 कर्मचारियों को टीका लगना था लेकिन 54 ने लगवाया।
28 टेंपो चालकों का लिया गया नमूना
कमालगंज। शुक्रवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने थाने के बाहर से गुजर रहे टेंपो को रुकवाकर चालकों की कोरोना जांच के लिए नमूने लिए। सीएचसी के लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार ने टीम के साथ थाने के बाहर शिविर लगाकर कोरोना जांच की। टीम ने पुलिस की मदद से फतेहगढ़ की ओर जा रहे टेंपो रुकवाकर चालकों क़े नमूने लिए। लैब टेक्नीशियन ने बताया कि कुल 28 चालकों के नमूने लिए गए।