फर्रुखाबाद। नवाबगंज क्षेत्र के गांव बांसमई के पास स्थित पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के नाना के नाम से डॉ.जाकिर हुसैन ट्रस्ट की लीज अवधि समाप्त होने से भूमि स्वास्थ्य विभाग को वापस कर दी गई। 25 एकड़ इस भूमि पर अमृतपुर विधायक मेडिकल कालेज निर्माण के लिए अब मुख्यमंत्री को प्रस्ताव देंगे।
नवाबगंज क्षेत्र के गांव बांसमई के निकट स्वास्थ्य विभाग की 25 एकड़ भूमि डॉ. जाकिर हुसैन ट्रस्ट को धर्मार्थ चिकित्सालय खोलने के लिए एक अप्रैल 1995 को 30 वर्ष के लिए लीज पर दी गई थी। ट्रस्ट की अध्यक्ष कांग्रेस के पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद हैं। लीज की अवधि एक अप्रैल 2025 को पूरी होने बाद भी इस भूमि पर ट्रस्ट का कब्जा रहा। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कमेटी से जांच कराई। सीएमओ, एडीएम व एसडीएम की कमेटी ने सौंपी जांच रिपोर्ट में लीज की अवधि समाप्त होने, पट्टेदार द्वारा शर्तों का पालन न कर भूमि को निजी लाभ के लिए उपयोग में लेने की पुष्टि की। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा विधायक सुशील शाक्य को पत्र भेजने के बाद एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार ने भूमि का पट्टा निरस्त कर स्वास्थ्य विभाग के नाम पर दर्ज करा दी। विधायक सुशील शाक्य ने बताया कि ट्रस्ट को दी गई भूमि अब स्वास्थ्य विभाग के पास वापस आ गई है। इस भूमि पर मेडिकल कालेज का निर्माण कराने के लिए वह मुख्यमंत्री से मिलकर प्रस्ताव देंगे। मेडिकल कालेज निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार ने बताया कि इस भूमि का स्वामित्व स्वास्थ्य विभाग को मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग ही भूमि का उपभोग तय करेगा। वह स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करेंगे।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि ट्रस्ट से मुक्त भूमि पर मेडिकल कालेज निर्माण का प्रस्ताव दिया जाना ठीक है। शासन के आदेशानुसार भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नवाबगंज में नगरीय पीएचसी खोलने के लिए भवन की तलाश की जा रही है। यदि निदेशालय से अनुमति मिली तो इसी भवन में पीएचसी खोल दी जाएगी। इससे भवन के किराये की धनराशि भी बचेगी।