कंपिल थाने में अभिलेख देखतीं विधायक डॉ. सुरभि। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कंपिल। क्षेत्र में पुलिस की सांठगांठ से चल रहे बालू व मिट्टी के अवैध खनन और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न से नाराज कायमगंज विधायक शनिवार को थाने पहुुंचीं। उन्होंने एसओ को फटकारा। कहा कि पैसा लेकर जमीनों पर कब्जा और सपा के लोगों से अवैध खनन करवाते हो। बोलीं, डॉक्टर हूं हर मर्ज का उपचार आता है।
कायमगंज से भाजपा गठबंधन की विधायक डॉ. सुरभि गंगवार कंपिल क्षेत्र में मिट्टी, बालू के अवैध खनन व कार्यकर्ताओं की शिकायतों को लेकर एसओ के खिलाफ शनिवार को एक्शन में दिखीं। दोपहर करीब एक बजे विधायक कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचीं। एसओ के कार्यालय में बैठकर अपराध रजिस्टर देखा और की गई कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एसओ दिग्विजय सिंह की जमकर क्लास लगाई।
कहा कि कंपिल पुलिस की बहुत शिकायतें हैं। सपा के लोगों से अवैध खनन करा रहे हो। पैसे लेकर जमीनों पर कब्जा करवाते हो। थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करते हो। उन्होंने चेतावनी दी कि सुधर जाओ, मैं डाक्टर हूं, उपचार करना भी जानती हूं।
इसके बाद विधायक ने कार्यालय देखा और महिला आरक्षियों से दफ्तर के रखरखाव व महिलाओं के मामले में कार्रवाई के बारे में पूछताछ की। थाने में पानी के खुले टैंक को देखकर सफाई कराने के लिए कहा। इस दौरान विधायक के पति डॉ. अजीत गंगवार, अवधेश मिश्रा आदि मौजूद थे।