फर्रुखाबाद। विधायक पर जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाकर डीएम कार्यालय के बाहर सोमवार को नारेबाजी की गई। रविवार मध्य रात जेसीबी से चहारदीवारी गिराने का प्रयास व फायरिंग का आरोप लगाया गया। पीड़ित वृद्ध ने डीएम व एसपी से जेसीबी व असलहों सहित पकड़े गए दो लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
गांव पकरिया निवासी वृद्ध रामआसरे महिलाओं व ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। महिलाओं ने डीएम कार्यालय के बाहर अमृतपुर के भाजपा विधायक सुशील शाक्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय में मौजूद अतिरिक्त एसडीएम गजराज सिंह यादव ने रामआसरे से वार्ता की और कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रार्थनापत्र लिया।
इसमें रामआसरे ने बताया कि सेंट्रल जेल से आईटीआई रोड पर उनका 167.4 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का प्लाट है। रविवार मध्य रात विधायक ने कई दबंग लोगों को भेजकर जेसीबी से बाउंड्रीवाल गिरवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने कई राउंड फायर किए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी के अलावा राइफल व बंदूक सहित दो लोगों को हिरासत में लिया था। आरोप लगाया कि विधायक उनके प्लाट पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। इस संबंध में वह कई बार संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम व एसपी को प्रार्थनापत्र दे चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। रामआसरे ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अतिरिक्त एसडीएम गजराज सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपी गई है।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विचआफ मिला। विधायक के बेटे संदीप शाक्य ने बताया कि रामआसरे जिस भूमि पर काबिज हैं उसमें 20 फिट से अधिक भूमि उनकी निकल रही है। रामआसरे ने मना करने के बावजूद 17 दिसंबर की रात दीवार उठा ली। इसकी उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली में संदीप शाक्य की तहरीर पर पुलिस ने रविवार रात जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव पकरिया निवासी रामआसरे, उनके भाई राकेश, बालिस्टर, नरेश, भतीजे रामकुमार के अलावा संजीव पाल उर्फ संजू व उनके भाई अशोक पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संदीप शाक्य ने रिपोर्ट में कहा कि कई बार आरोपी गलत तथ्यों के आधार पर उनकी शिकायत कर चुके हैं। मना करने के बावजूद 17 दिसंबर की रात आरोपियों ने उनके प्लाट में दरवाजा रख लिया। संदीप ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।