कंपिल। कस्बे के मोहल्ला कहांरन टोला में प्रसूता के शव का पोस्टमार्टम कराने का दबाव बनाने पर पुलिस व परिजनों के बीच नोकझोंक हुई। समझौते के बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया।
कस्बे के मोहल्ला कहांरन टोला निवासी महादेव बाथम की पत्नी विमला (26) को परिजन रविवार को प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर सीएचसी कायमगंज ले गए। वहां डॉक्टर ने विमला को मृत घोषित कर दिया था। अस्पताल से मेमो भेजकर पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच परिजन शव लेकर चले आए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मायके वालों के आने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की हिदायत दी। इसके बाद रात में नवजात बच्ची की भी मौत हो गई।
इस पर परिवार में कोहराम मच गया। विमला का जिला शाहजहांपुर में मायका है। सूचना पर विमला के पिता मुन्नालाल व अन्य परिजन पहुंच गए। सोमवार सुबह नायब तहसीलदार राकेश कुमार व थानाध्यक्ष आरके सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा। परिजनों ने सामान्य मौत बताकर पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
पुलिस के दबाव बनाने पर परिजनों से नोकझोंक हो गई। इससे हंगामा हो गया। जानकारी पर चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव भी पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। परिजनों ने मायके वालों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।