फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में रविवार शाम जिलाधिकारी ने मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक की। इसमें सेक्टर मजिस्ट्रेटों को समय से पहुंचकर सत्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
जिले में नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों एवं गर्भवती को प्रतिरक्षित करने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष के अंतिम चरण का कार्यक्रम सोमवार से 16 मार्च तक चलाया जाएगा। इसमें 4,963 बच्चे व 1,140 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य है। इसमें डीपीटी, पोलियो, बीसीजी, पेंटा, एमआर (मीजल्स-रुबेला), रोटा वायरस व गर्भवती को टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) के टीके लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मिशन इंद्रधनुष को सफल बनाने के लिए बुलाई बैठक में कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट समय से सत्र का शुभारंभ कराकर कंट्रोल रूम नंबर 05692-234504 पर सूचना दर्ज कराएं। किसी प्रकार की समस्या, सत्र शुरू न होने, कर्मचारी के न पहुंचने, उपकरणों की कमी होने की भी सूचना कंट्रोल रूम को दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सत्र में प्रधान, सभासद का सहयोग लेकर शत प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। टीकाकरण न कराने या विरोध होने पर जोनल मजिस्ट्रेट को सूचित किया जाए। इससे अभिभावकों को समझाकर टीकाकरण कराया जा सके। अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य, एसीएमओ डा.दलवीर सिंह, एसडीएम आदि मौजूद रहे।