फर्रुखाबाद। चार माह से दुग्ध अवशीतल केंद्र पांचालघाट पर लगे वाहनोें का किराया व अन्य भुगतान न होने पर गुरुवार को वाहन चालकों ने चक्काजाम कर दिया है। पराग दूध केंद्र के अंदर गाड़ी खड़ी करके चालक इधर-उधर टहल रहे हैं।
चालकों ने प्रबंधक दुग्ध संघ को दिए पत्र में कहा है कि उन लोगों को अगस्त 2015 से वाहन भाड़ा एवं डीजल, मोबिल आयल का कोई भी भुगतान नहीं किया गया है, जिससे आर्थिक स्थिति डगमगा गई है। चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के अंदर भुगतान नहीं किया गया तो आठ फरवरी से सभी वाहन दूध उठाना बंद कर देंगे। सांकेतिक चक्का बंद करके दुग्ध संघ वाहन चालकों ने विभागीय अधिकारियों को चेताया है।
इस मौके पर योगेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, सौरभ तिवारी, शैलेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, विजयशंकर, राहुल यादव आदि लोग मौजूद रहे। दुग्ध संघ के अधिकारी जितेंद्र सिंह उर्फ राजू ने बताया कि संघ को कानपुर में मर्ज कर दिया गया है। इनके भुगतान आदि के लिए कानपुर को लिखा गया है।