सरसों के खेत में बेहोश पड़ा मिला व्यक्ति।
- फोटो : FARRUKHABAD
खेत में मरणासन्न हालत में पड़ा मिला अधेड़
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंझोला के पास सरसों के खेत में मरणासन्न हालत में एक अधेड़ पड़ा मिला। उसका पैंट व अंडर वियर गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस उसके फोटो से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
गांव मंझोला के पास निकले बंबे के किनारे के गांव रुटौल निवासी श्यामबाबू के सरसों के खेत में सोमवार सुबह आसपास के लोगों ने करीब 45 वर्षीय पुरुष मरणासन्न हालत में कराहते देखा। युवक के शरीर पर पैंट व अंडर वियर नहीं था। वह लहूलुहान था। धीरे-धीरे वहां भीड़ जमा हो गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर कोतवाली से एसआई राजेंद्र कुमार वहां पहुंचे।
पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां भी उसे शाम तक होश नहीं आया था। इससे उसके बारे में अधिक जानकारी नहीं हो सकी। उसके अन्य कपड़ों से कोई ऐसी चीज नहीं मिली है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने लोगों को फोटो दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया अधेड़ बेहोश है उसके होश में आने के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।