वेलेंटाइन डे पर युवाओं ने रक्तदान कर अनूठी मिसाल पेश की। प्रभारी चिकित्साधिकारी की देखरेख में हुए शिविर में पांच लोगों ने रक्तदान किया।
शनिवार को वेलेंटाइन डे अलग-अलग तरह से मनाया गया। महिंद्रा फाइनेंस की ओर से युवाओं ने रक्तदान शिविर का आयोजन लोहिया अस्पताल में किया। शिविर का उद्घाटन प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. राजेश कुमार ने किया। डा. राजेश ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है।
एक व्यक्ति के रक्तदान करने से चार लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने समाज में युवाओं से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में आशुतोष पांडेय, राम सिंह, अरुण श्रीवास्तव, रजनेश, अमित ने रक्तदान किया। शिविर में रविंद्र, प्रशांत व अखिलेश ने पंजीकरण करवाया। शाखा प्रबंधक आशुतोष ने बताया कि गरीबों की मदद को प्रत्येक वर्ष इसी दिन शिविर लगाकर रक्तदान करते हैं।
उन्होंने युवाओं से पाश्चात्य सभ्यता को त्याग कर भारतीय संस्कृति के तहत जीवन जीने को युवाओं का आह्वान किया। इस मौके पर अरुण द्विवेदी, संजय सक्सेना, गिरीश चंद्र, अमित, पंकज कटियार आदि मौजूद रहे।