फोटो-27 पांचाल घाट पर पूर्व विधायक के स्मृति द्वार को गिराती जेसीबी। संवाद
फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है, लेकिन इसी प्रक्रिया में पूर्व विधायक स्वर्गीय महरम सिंह की स्मृति में बना प्रवेश द्वार गिरा दिया गया।
स्मृति द्वार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखाई दी। उनका कहना है कि बिना नया द्वार बनाए इस स्मारक को तोड़ना उचित नहीं है।
वर्ष 2021 में मेला समिति ने पूर्वी बंधा पर करीब छह लाख रुपये की लागत से स्मृति द्वार का निर्माण कराया था। इसका उद्घाटन तत्कालीन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने किया था। इससे पूर्व बना गेट एक शव वाहन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, जिसके बाद इस नए द्वार का निर्माण किया गया था।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य करवा रहे ठेकेदार के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन से गेट को गिरा दिया। गेट पर स्टील के अक्षरों में पूर्व विधायक का नाम अंकित था।
राहुल, उमेश सिंह, लालू ठाकुर, अवनीश कुमार, रोहित सिंह आदि ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल नए स्मृति द्वार का निर्माण कराए, ताकि पूर्व विधायक के सम्मान और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान बना रहे। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अशोक यादव ने बताया कि द्वार छोटा होने से गिराया गया है। सड़क बनाने के बाद वहां बड़ा द्वार बनाया जाएगा।