फर्रुखाबाद। बिजली विभाग की ओर से सातनपुर मंडी स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में लगे विद्युत सेवा महाभियान कैंप में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। सबसे ज्यादा शिकायतें बिल संशोधन व बिजली मीटर बदलने की आईं। 80 प्रार्थनापत्रों में मौके पर 35 का निस्तारण किया गया। एसडीओ प्रथम ने शेष शिकायतों का निस्तारण तीन दिन में करने का आश्वासन दिया।
गुरुवार को लगे कैंप में सुबह से ही फरियादियों का पहुंचना शुरू हो गया। छमनबाग निवासी रामपाल ने बिल संशोधन कराए जाने का प्रार्थनापत्र दिया। एसडीओ प्रथम अजय कुमार ने बिल देखकर कहा कि एक-दो दिन में निस्तारण कर दिया जाएगा।
सातनपुर मंडी निवासी रमेशचंद्र शिकायत करते हुए कहा कि उन्होंने नई केबल डालने के लिए आवेदन किया था, अभी तक केबल नहीं बदली गई। एसडीओ ने तत्काल बिजली कर्मचारियों को निर्देशित कर केबल बदलने को कहा। नन्ही देवी व चंदा देवी निवासी सातनपुर मंडी ने शिकायत की कि बिल अधिक आ रहा है। जेई न्यू भोलेपुर अनिल गौतम ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान करा देंगे।
बृजकिशोर निवासी विजाधरपुर ने खराब मीटर बदलने का प्रार्थनापत्र दिया। एसडीओ प्रथम ने बताया कि 80 में 35 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष का निस्तारण दो-तीन दिन में कर दिया जाएगा। बिल संशोधन व बिजली मीटर बदलने की शिकायतें ज्यादा आईं। इस अवसर पर डिवीजन उपकेंद्र के जेई मुख्तार अहमद, जेई मीटर सत्यपाल और एई मीटर रमेश मौर्य आदि मौजूद रहे।
फोटो-27, उप खंड कार्यालय जहानगंज में लगे कैंप में मौजूद अधीक्षण अभियंता अजय कुमार व अन्य।
75 में 40 फरियादियों को मिली राहत
जहानगंज। उप खंड कार्यालय जहानगंज में विद्युत सेवा महाभियान कैंप लगाया गया। कैंप में 75 प्रार्थनापत्र आए। मौके पर 40 का निस्तारण किया गया। सबसे ज्यादा प्रार्थनापत्र बिल संशोधन के आए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, एक्सईएन ग्रामीण सुशील कुमार, एसडीओ कमालगंज रवि पांडेय व जेई रंजीत मौर्य आदि मौजूद रहे। (संवाद)