कलक्ट्रेट में बैठक में मौजूद व्यापारी, जिलाधिकरी संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा व सीडीओ एम
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को हुई जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में बताया गया कि पॉलिथीन के खिलाफ 29 जून से अभियान शुरू होगा। निजी अस्पतालों का जैविक कचरा सड़क किनारे डाले जाने का मुद्दा भी उठा। इस पर डीएम ने अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम संजय कुमार सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा ने बैठक में व्यापारियों से समस्याएं पूछीं। व्यापारियों ने कहा कि ठेकेदार निजी अस्पतालों का जैविक कचरा नहीं उठाता है। इस पर डीएम ने सीएमओ व प्रदूषण नियंत्रण विभाग को एक साथ छापा मारकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही की गई कार्रवाई की आख्या वीडियो व फोटो सहित प्रस्तुत करने के लिए कहा।
व्यापारियों ने प्रस्ताव दिया कि चौक से स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ी की जा रही है। यदि विद्युत पोल हटाकर अंडरग्राउंड केबल पड़ जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। डीएम ने इसका प्रस्ताव बनवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। एडीएम को टीम गठित कर शहर में टेंपो स्टैंड के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। सीडीओ एम. अरून्मोली, एलडीएम डीएन पाल के अलावा व्यापारी चंद्रपाल वर्मा, संजय गर्ग, सरल दुबे, रोहित गोयल आदि मौजूद रहे।