फर्रुखाबाद। कोविड टीकाकरण में लापरवाही का मामला सामने आया है। दिल्ली में रहकर सुप्रीम कोर्ट में प्रेक्टिस करने वाले वकील के बिना आए शहर के लिंजीगंज अस्पताल में बूस्टर डोज लगना दिखाया जा रहा है। मोबाइल पर मैसेज व प्रमाणपत्र से मामले की जानकारी हुई। शिकायत सीएमओ से की गई है।
शहर के मोहल्ला सेनापति निवासी सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के भाई भाजपा नेता सुधांशु दत्त द्विवेदी के पुत्र दिव्यांक दत्त द्विवेदी एडवोकेट दिल्ली में रहते हैं। वह कई माह से घर नहीं आए।
सिविल अस्पताल लिंजीगंज से जारी प्रमाणपत्र के अनुसार दिव्यांक द्विवेदी के 29 जुलाई को कोविशील्ड का बूस्टर डोज लगा दिया गया। पहला टीका 11 मई 2021 व दूसरा टीका 11 अगस्त 2021 को लगना दिखाया गया है। बूस्टर डोज लगाने वाले का नाम अंकुर चौधरी लिखा है।
भाजपा नेता सुधांशु दत्त द्विवेदी ने बताया कि बिना यहां आए उनके पुत्र के बूस्टर डोज कैसे लग गया। टीकाकरण में स्वास्थ्य विभाग लापरवाही कर रहा है।
मोबाइल पर सूचना भेजे जाने पर जानकारी हुई। जबकि उनके बेटे के अभी तक बूस्टर डोज लगा ही नहीं है। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।