फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 13 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसमें दो डॉक्टर व एक वार्ड ब्वाय भी शामिल हैं।
मौसम बदलने के साथ बुखार-खांसी के मरीज बढ़ रहे हैं। इससे कोरोना के मरीज भी बढ़ रहे हैं। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में सर्वाधिक 13 संक्रमित मिले हैं। इसमें सिविल अस्पताल लिंजीगंज के डॉ. नवनीत गुप्ता, डॉ. मोनिका कटियार, राजेपुर सीएचसी के वार्ड ब्वाय धर्मेँद्र कुमार भी संक्रमित हुए हैं।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद निवासी महिला, लिंजीगंज निवासी वृद्धा, कादरीगेट शांतीनगर निवासी महिला, गंगानगर निवासी युवती व महिला, खटकपुरा निवासी युवक, बड़ा बंगशपुरा निवासी युवक, मुफ्ती साहब निवासी युवक, गांव टिकुरियन नगला निवासी युवक व राजेपुर के गांव कुइयां निवासी युवक कोरोना की चपेट में आए हैं।
इनमें 12 संक्रमित की एंटीजन किट से जांच हुई, जबकि एक मरीज के नमूने की ट्रू-नाट मशीन से जांच की गई। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 34 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक एक भी कंटेनमेंट जोन नहीं बनाया है।
सिविल अस्तपताल लिंजीगंज के डॉ. नवनीत गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण ही कोरोना से बचने का उपाय है। उन्होंने कोरोना के दोनों टीका लगवाने के बाद बूस्टर डोज लगवाया है। बताया कि टीका लगने के बाद संक्रमित मरीज गंभीर हालत में नहीं पहुंचता और जल्दी ठीक हो जाता है। वह होमआइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं।