फर्रुखाबाद। कोरोना काल में बच्चों के अभिभावकों के खातों में एमडीएम की राशि न भेजने पर आदर्श इंटर कालेज पितौरा के प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। बीईओ ने प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर बीएसए को पत्र भेजा है। उधर, प्रधानाचार्य ने दो दिन राशि खातों में स्थानांतरित करने को कहा है।
कोरोना काल में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राएं एमडीएम से वंचित न रहें, इसके लिए सरकार ने अभिभावकों के खातों में धनराशि भेजने के निर्देश दिए थे। वित्तीय सहायता प्राप्त स्कूलों को भी एमडीएम देने का प्रावधान है। इसी के तहत आदर्श इंटर कालेज पितौरा में भी कक्षा छह से आठ तक के 253 बच्चों के लिए 4 लाख 67 हजार 797 रुपये एमडीएम के मद में मिले।
गुरुवार को बीईओ बेगीश गोयल ने स्कूल का निरीक्षण किया तो जांच में पता चला कि यहां के प्रधानाचार्य अनिल गंगवार ने अभिभावकों के खाते में यह रकम नहीं भेजी है। बताया गया कि 1849 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से एमडीएम की रकम भेजी जानी थी। विद्यालय के प्रधानाचार्य सपा के विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष भी हैं। प्रधानाचार्य अनिल गंगवार ने बताया कि यह राजनीतिक मामला नहीं है। एमडीएम का धन खाते में आने की उन्हें जानकारी नहीं हुई थी। इससे यह धनराशि अभिभावकों के खातों में नहीं भेज सके थे। अब दो दिन में वह राशि खातों में भेजवा देंगे।