फर्रुखाबाद। दहेज में 25 लाख की मांग नहीं पूरी होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला डिग्गी ताल निवासी मोहित गुप्ता ने गुजरात राज्य के जनपद गांधीनगर सोमश्वर सोसाइटी सेक्टर 27 निवासी बहन के पति राहुल गुप्ता, ननद डिंपल गुप्ता, ससुर हरिशचंद्र गुप्ता, सास कृष्णा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि बहन कोमल की शादी 8 मई 2016 को राहुल के साथ की थी। शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज में 25 लाख की मांग कर कोमल के साथ मारपीट करने लगे।
जानकारी होने पर गांधीनगर महिला थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों में बात करवाकर मामला निपटा दिया। कुछ माह बीतने के बाद ससुरालीजन फिर से कोमल से मारपीट करने लगे। मांग नहीं पूरी होने पर उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर राजीव पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। (संवाद)