फर्रुखाबाद। अक्षय तृतीय पर बुधवार को बाजार गुलजार रहे। सर्राफा दुकानों पर लोग खरीददारी करते दिखाई दिए। सोने पर छाई महंगाई के कारण हल्के वजन के आभूषणों की मांग ज्यादा रही। दुकानदारी पर पर इसका असर दिखाई दिया। पिछले साल की अपेक्षा खरीददारी पर 30 से 40 प्रतिशत असर दिखाई दिया।
अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसको लेकर सर्राफा कारोबारियों ने तैयारियां कर रखी थीं। बुधवार को नेहरू रोड, रेलवे रोड, घुमना बाजार, सेठ गली, चूड़ी वाली गली, कोतवाली रोड फतेहगढ़, कोतवाली फतेहगढ़ के सामने जाने वाले मार्ग पर स्थित सर्राफा दुकानदारों के यहां लोग सोने-चांदी के आभूषण खरीद रहे थे।
कोई चांदी की पायल, बिछिया तो कोई सोने के सुई-धागा, टॉप्स व अंगूठी पसंद कर रहा था। हालांकि इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले दुकानों पर ज्यादा भीड़ नहीं दिखाई दे रही थी। ज्यादातर लोग हल्के वजन के जेवर ही पसंद करते दिखाई दे रहे थे। आम आदमी ने अपनी बजट के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण खरीदे।
वहीं संपन्न परिवार के लोग पसंदीदा ज्वैलरी खरीदी। सर्राफा कारोबारी कुमारचंद्र वर्मा ने बताया कि इस बार अक्षय तृतीया पर सोना 98 हजार रुपये प्रति दस ग्राम, जबकि चांदी 990 रुपये प्रति दस ग्राम है। वहीं पिछले वर्ष अक्षय तृतीया पर सोना 73,300 व चांदी 740 रुपये प्रति दस ग्राम थी। एक साल में सोना 25 हजार रुपये प्रति दस ग्राम महंगा हो गया।
महंगाई के बावजूद अक्षय तृतीया पर सराफा बाजार में चमक बरकरार
कायमगंज। अक्षय तृतीया के पर्व पर भारी महंगाई के बावजूद सराफा बाजार में रौनक देखते ही बनी। सोने की बढ़ती कीमतों का असर ग्राहकों के उत्साह पर नजर नहीं आया।
माया ज्वेलर्स पर विधायक डॉ. सुरभि ने ज्वेलरी की री-लांचिंग की और खुद भी खरीदारी की। उन्होंने बताया कि यहां मेकिंग चार्ज पर दी जा रही छूट ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है।
शोरूम के संचालक शालीन अग्रवाल ने बताया कि महंगाई के बावजूद ग्राहकों ने अपनी जरूरत के मुताबिक अच्छी खरीदारी की। वहीं, निदेशक निमिता अग्रवाल दिनभर ग्राहकों को ज्वेलरी दिखाने में व्यस्त रहीं। बजरिया मार्केट में एमवी ज्वेलर्स शोरूम का शुभारंभ देवांश वर्मा ने किया। इसके अलावा मदीना ज्वेलर्स, मोतीलाल सराफ सहित अन्य दुकानों पर भी खरीदारी हुई।