संवाद न्यूज एजेंसी
कमालगंज। डीएम से शिकायत के बाद श्रम प्रवर्तन व नगर पंचायत की टीम ने साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार बंद कराया। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि शनिवार को बंदी घोषित है। आगे से बंदी के दिन दुकान खुली पाए जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
श्रम प्रर्वतन अधिकारी अनिल कुमार व मानव तस्करी विरोधी इकाई के दरोगा जितेंद्र कुमार, रामलखन टीम के साथ सुबह करीब 11 बजे कमालगंज पहुंचे। यहां से नगर पंचायत कर्मचारी गगन गुप्ता, इरफान के साथ टीम बाजार पहुंची। साप्ताहिक बंदी के दिन शनिवार को दुकानें खुली होने पर दुकानदारों को हिदायत देकर बंद कराई।
टीम ने मुख्य मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड व रामलीला मैदान तक पैदल जाकर दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि शनिवार के दिन साप्ताहिक बंदी घोषित है। आगे से अब बंदी के दिन यदि कोई दुकान खुली पाई गई तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा। दरोगा रामलखन गौतम ने दुकानदारों को जागरूक करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों से मजदूरी न करवाएं। यह अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसा करवाने पर कार्रवाई होगी।
श्रम परिवर्तन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर वह टीम के साथ पहुंचे थे। दुकानदारों को हिदायत दी गई है। अब बंदी के दिन दुकान खुली पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। टीम के जाने के बाद व्यापारियों नेदुकानें खोल दीं।