‘नास्ता’ की परीक्षा में मान्यव, जय, हर्ष व स्नेहल ने जीता गोल्ड
फर्रुखाबाद। वैज्ञानिक, तकनीकी व मानविकी की परीक्षा में पहला व दूसरा स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। सिखलाई रेजीमेंट के ब्रिगेडियर ने आर्मी स्कूल की प्रधानाचार्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) नई दिल्ली की ओर से बच्चों में वैज्ञानिक, तकनीकी व मानविकी प्रतिभा खोज लिए ज्ञान व जागरूकता मानचित्र मंच (कैंप) के माध्यम से नेशनल एसेसमेंट फॉर साइंटिफिक टेंपरामेंट एंड एप्टीट्यूड (नास्ता) की परीक्षा कराई गई। पूरे देश में यह परीक्षा 27 व 28 जनवरी 2020 को हुई थी। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ कैंट के कक्षा 5 से 10 तक के 88 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।
1 मई को ऑनलाइन आए परीक्षा के परिणाम में छात्र मान्यव वत्सल, जय कार्तिक, हर्ष प्रताप व स्नेहल जिले में प्रथम स्थान पर रहे। उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। विद्यालय स्तर पर कक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र कौशल, स्नेहल, जयंत व मान्यव वत्सल को स्वर्ण पदक, जबकि दूसरे स्थान पर हर्ष प्रताप को रजत पदक से नवाजा गया।
परीक्षा के प्रभारी शिक्षक पवन सिंह को कुशल नेतृत्व के लिए प्रधानाचार्या नीतू सिंह ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के चेयरमैन सिखलाई रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर हरवीर सिंह ने प्रधानाचार्य नीतू सिंह को ट्राफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की।