फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 621 अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर निशाना लगाने वाले सिखलाई रेजीमेंट के सिपाही मनप्रीत सिंह का सेंटर पहुंचने पर सम्मान किया गया।
बुधवार को रेजीमेंट के शूटिंग हाल में सेंटर कमांडेंट कर्नल ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने सिपाही मनप्रीत की हौसला अफजाई की। 1 से 14 दिसंबर को नई दिल्ली के कर्णी सिंह स्टेडियम में खेली गई राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 621 अंक हासिल कर मनप्रीत ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
मनप्रीत के राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने के साथ ही नेशनल टीम में चयन पर डिप्टी कमांडेट कर्नल मंदीप चौधरी, एडज्यूटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल इंद्रजीत सिंह, सूबेदार मेजर मक्खन सिंह, व शूटिंग कोच सुखविंदर सिंह ने आने वाले ओलंपिक खेलों में मेडल जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं।
मनप्रीत ने बताया कि राष्ट्रीय टीम में चयन के बाद प्रशिक्षण अगले माह से शुरू होगा। प्रशिक्षण के लिए सेंटर कमांडेंट ने नए वैपन किट खरीदने को 2 लाख रुपये का अनुदान दिया है। मनप्रीत ने बताया उसने यह रिकार्ड 0.177 एयर राइफल से बनाया है। इसके लिए उसने प्रतिदिन 12 घंटे तक कठिन प्रशिक्षण लिया।