फर्रुखाबाद। परिषदीय विद्यालयों में नए सिर से विद्यालय प्रबंध समिति गठन की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को निर्देश देकर 30 नवंबर तक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में स्कूलों की व्यवस्थाओं के संचालन, विकास की योजना बनाने व शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति आदि पर नजर रखने के लिए स्कूल प्रबंध समिति का गठन किया जाता है। हर तीन साल बाद समिति का पुनर्गठन होता है। परिषदीय विद्यालयों में समिति गठित हुए तीन साल होने जा रहे हैं।
इसको लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी परिषदीय विद्यालयों में नए सिरे से समिति गठित करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को दिए हैं। नई स्कूल प्रबंध समिति में 15 सदस्य होंगे, जिनमें 11 सदस्यों के रूप में अभिभावकों को शामिल किया जाएगा। चार सदस्यों में प्रधानाध्यापक, एएनएम, स्थानीय प्राधिकारी के निर्वाचित सदस्य और जिलाधिकारी की ओर से नामित एक सदस्य शामिल रहेंगे।
30 नवंबर तक हर हाल में समिति का गठन कर लिया जाए। नई कमेटी का कार्यकाल एक दिसंबर 2024 से शुरू हो जाएगा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि स्कूल प्रबंध समिति गठित करवाए जाने के लिए सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।