कमालगंज। प्रधानी चुनाव की रंजिश में मंगलवार की शाम को गंगाईच गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष सालिगराम वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना क्षेत्र के गांव गंगाईच निवासी प्रधान शकील खां के दरवाजे पर गांव के कामरान मंगलवार की देर शाम बैठे थे। तभी गांव के गुड्डू पहलवान और उसके साथी प्रधान शकील के दरवाजे पर आकर कामरान को गाली देने लगे। कामरान ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गुड्डू पहलवान पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली कामरान के लगी और वह गिर पड़ा। सूचना पर एसओ सालिगराम फोर्स के साथ गांव पहुंचे। प्रधान शकील ने पुलिस को बताया कि गुड्डू पहलवान ने प्रधानी के चुनाव में विरोध किया था। गुड्डू के अलाव कामरान पुत्र गैनुद्दीन, रिहान, मज्जू ने इसी रंजिश को लेकर गालीगलौज कर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल भेजा है।