फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क पर पड़ा मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

Mon, 27 May 2019 12:31 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मतगणना स्थल पर तैनात पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव निब्बी नगला निवासी ट्रैक्टर चालक का शव शनिवार रात सड़क पर पड़ा मिला। ट्रैक्टर सड़क किनारे खड्ड में खड़ा था जबकि मौके पर ईंटें भी पड़ी थीं। पुलिस घटना को सड़क दुर्घटना मान रही है। परिजनों ने 10 दिन पूर्व लेबर ठेकेदार से विवाद के चलते युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। रविवार दोपहर पुलिस ने लोहिया अस्पताल से शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

गांव निब्बी नगला निवासी प्रेम सिंह यादव का पुत्र मनोज(24) कमालगंज में सीमेंट के थोक विक्रेता रवि गुप्ता का ट्रैक्टर चालक था। शनिवार को मनोज जनपद हरदोई के कस्बा शाहाबाद से सीमेंट डालकर वापस आ रहा था। रात करीब 11.30 बजे के बाद बाईपास से कुछ दूरी पर मजार के निकट उसका ट्रैक्टर सड़क किनारे खड्ड में खड़ा था, जबकि मनोज का शव बीच सड़क पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। रात करीब 12.30 पहुंचे परिजनों ने घटना स्थल देखते ही हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मनोज की शर्ट फटी थी। शव मुंह के बल बीच सड़क पर पड़ा था जबकि ट्रैक्टर बिना किसी पेड़ या वाहन से टकराए खड्ड में घुसा खड़ा था। इन सब हालातों पर परिजनों ने सवाल खड़े किए। रात सवा एक बजे एंबुलेंस से शव लोहिया अस्पताल लाया गया। वहीं सीमेंट व्यापारी का कहना है कि रात 11.30 बजे तक मनोज से फोन पर बात हुई थी। तब उसने रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की जानकारी दी थी। मनोज के शव का पोस्टमार्टम डा. सौरभ कटियार व डा. सोमेश अग्निहोत्री के पैनल से कराया गया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह शरीर पर आई कई चोटों से अत्यधिक रक्तस्राव होना बताया गया है।
10 दिन पूर्व लेबर ठेकेदार से हुई थी मारपीट
लोहिया अस्पताल की मॉर्चरी में मौजूद चाचा बादाम सिंह आदि परिजनों ने बताया कि रेलवे माल गोदाम पर लेबर ठेकेदार से लोडिंग को लेकर मनोज का विवाद हुआ था। इसमें मनोज की ठेकेदार से मारपीट हो गई थी। उस दौरान ठेकेदार ने 10 दिन के अंदर मनोज को हत्या करने की धमकी दी थी। हालांकि कुछ लोगों के कहने पर उन्होंने इस मामले को हल्के में लेकर कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की थी।
विज्ञापन

रात 11.29 बजे फोन पर ली गई लोकेशन
परिजनों का आरोप है कि रात 11.29 बजे मनोज के मोबाइल पर दूसरे लेबर ठेकेदार ने लोकेशन पूछी। उससे मनोज की लोड उठाने की भी बात हुई थी। उन्हें शक है कि घटना को अंजाम देने के लिए मनोज की लोकेशन ली गई थी।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था
 मनोज अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके बड़े भाई अवधेश, चरन सिंह, संजीव हैं। जबकि बहन लाली की शादी हो चुकी है। बेटे के शव पर मां रामबेटी रो-रोकर बेहाल थी। परिजनों का आरोप है कि थाना पुलिस दुर्घटना मानते हुए मौके पर चार घंटे तक जांच करने नहीं पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें