कायमगंज। भगवती कंपाउंड में चल रही भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित रासलीला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। माखन चोरी की लीला देखकर दर्शक भाव विभोर हो गए।
नगर के तंबाकू कारोबारी वीरेंद्र अग्रवाल के संयोजकत्व में भगवती कंपाउंड में आयोजित लक्ष्मी नरायन महायज्ञ और रासलीला के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां दीं और रास मंचन का आनंद लिया। वृंदावन से आए रासमंडली के कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित माखन चोरी लीला का प्रदर्शन किया।
सखियों के घर भगवान माखन चुराने गए और एक सखी ने उन्हेें पकड़कर मां यशोदा के सामने पेश किया। भगवान ने स्पष्ट कह दिया कि उन्होंने चोरी नहीं की है। मां के डांटने पर उन्होंने मुंह खोल कर दिखाया। जिसे देखकर मां यशोदा बेहोश हो गईं। कृष्ण के मुंह में ब्रह्मांड देखकर वे समझ गईं कि उनका बालक साधारण नहीं है। इस दौरान सतीश चंद्र अग्रवाल, रश्मि दुबे, जयराम आदि मौजूद रहे।